भगवानपुर में रविदास जयंती की शोभायात्रा के दौरान हिंसा, एक की मौत, कई घायल

हरिद्वार: हरिद्वार जनपद के भगवानपुर क्षेत्र में श्री संत रविदास जयंती की शोभायात्रा के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दलित समाज के दो पक्षों के बीच आपसी विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। देखते ही देखते दोनों ओर से फायरिंग और पथराव शुरू हो गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
घटना में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मामला भगवानपुर थाना क्षेत्र के बीनारसी गांव का है। सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। हालात को नियंत्रण में रखने के लिए क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त फोर्स भी बुला ली गई है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास जारी हैं। घटना के कारणों की जांच की जा रही है, वहीं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन सतर्क है।




