
देहरादून: राजधानी देहरादून में दीवार बनाने को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया।मामा और भांजे के बीच हुए विवाद में धारदार हथियार से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी गई,जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के मुताबिक,रायपुर थाना क्षेत्र के तरला अधोईवाला क्षेत्र में शाम करीब साढ़े पांच से छह बजे के बीच पुलिस को डायल 112 के माध्यम से दो पक्षों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी।मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि विवाद परिवार के ही दो पक्षों के बीच दीवार बनाने और तोड़ने को लेकर हुआ था।एक पक्ष दीवार का निर्माण करना चाहता था,जबकि दूसरा पक्ष इसका विरोध करते हुए दीवार तोड़ रहा था।
इसी बात को लेकर मामा और भांजे के बीच विवाद बढ़ गया।आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष ने युवक को पकड़कर उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों को भी निशाना बनाया गया।हमले में तीन लोग घायल हो गए।आनन-फानन में घायलों को अस्पताल ले जाया गया,जहां एक युवक गौरव पुत्र चमन लाल 34 वर्ष को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार,मामले में दी गई तहरीर में मामा नितिन सहित चार से पांच अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं।पुलिस ने तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




