कठूड़ गांव के पास नवदंपति और परिजनों पर हमला, लाठी-डंडों से पीटकर दो लोगों के सिर फोड़े

गोपेश्वर। चमोली जिले के दशोली विकास खंड के कठूड़ गांव के पास कुछ अज्ञात लोगों ने घूमने पहुंचे नवदंपति और उनके परिजनों पर अचानक लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में दो लोगों के सिर फूट गए और कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद नवविवाहिता की लिखित शिकायत पर गोपेश्वर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पीड़िता अनुष्का रावत अपने पति और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रविवार देर शाम गोपेश्वर-पोखरी सड़क पर घूमने गई थीं। कठूड़ गांव के पास वे गोपेश्वर नगर की तस्वीरें ले रहे थे और आसपास टहल रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंच गए। उनके हाथों में लाठी-डंडे थे और उन्होंने बिना किसी कारण बताए नवदंपति और उनके साथ मौजूद लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया। पीड़ितों के पास मौजूद वीडियो में कुछ लोग शराब के नशे में लाठी-डंडों से उनकी पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं। इतना ही नहीं हमलावरों ने उनके वाहनों पर भी पत्थर बरसाए और नुकसान पहुंचाया। इस हमले में नवविवाहिता के पति और परिवार के एक अन्य सदस्य के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना किसी कारण के नवदंपति और उनके साथ गए बच्चों को इस तरह पीटना बेहद शर्मनाक है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




