नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

कोटद्वार: नाबालिग से दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में कोटद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर चल रही सख्त नीति के तहत पुलिस ने मामले को प्राथमिकता देते हुए जांच पूरी की और आरोपी को कानून के शिकंजे में ले लिया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 फरवरी 2026 को कोटद्वार निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली कोटद्वार में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि उसकी नाबालिग पुत्री के साथ शुभम नामक युवक ने दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता गर्भवती हो गई, जिससे परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों को जब इस घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत पुलिस की शरण ली और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर कोतवाली कोटद्वार में मु0अ0सं0–43/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 64 बीएनएस तथा 5J(II)/6 पोक्सो अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा कायम कर लिया और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सर्वेश पंवार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी ने पुलिस अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक कोटद्वार के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसने मामले की गहन विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज किए, चिकित्सीय परीक्षण कराया तथा अन्य आवश्यक साक्ष्य जुटाए। एकत्र किए गए साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की संलिप्तता की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने मंगलवार 10 मार्च 2026 को आरोपी शुभम पुत्र सतीश चंद्र, निवासी गिवाईस्त्रोत, थाना कोटद्वार, जनपद पौड़ी को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार पौड़ी भेज दिया गया है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक दीपिका बिष्ट, एएसआई वीर बहादुर तथा होमगार्ड सपना शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




