
देहरादून।परीक्षा प्रश्नपत्र लीक मामले में प्रेमनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग,झाझरा के सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया है।पुलिस का दावा है कि आरोपी के खिलाफ पर्याप्त दस्तावेजी और डिजिटल साक्ष्य मिले हैं।अब उसके मोबाइल, लैपटॉप समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है।
परीक्षा नियंत्रक की तहरीर पर प्रेमनगर कोतवाली में मुकदमा संख्या 144/2026 दर्ज किया गया।आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316, 318(4) और 61(2) के तहत केस दर्ज किया गया है।
जांच के दौरान पुलिस ने गवाहों के बयान दर्ज किए और विश्वविद्यालय व संबंधित संस्थान से आवश्यक दस्तावेज जुटाए। इन साक्ष्यों के आधार पर 40 वर्षीय आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया गया। वह शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा में सहायक प्रोफेसर था और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के शाकुंभरी विहार क्षेत्र का निवासी है।
पुलिस अब आरोपी से बरामद मोबाइल,लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरणों की जांच कर रही है। साथ ही व्हाट्सएप चैट,विभिन्न ग्रुप, आंतरिक पोर्टल के रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल डेटा का विश्लेषण किया जा रहा है।जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि परीक्षा के प्रश्न आरोपी तक कैसे पहुंचे और उसने उन्हें किन-किन लोगों तक पहुंचाया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में किसी अन्य शिक्षक,कर्मचारी या छात्र की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।




