देहरादून में रिश्वतखोरी पर बड़ी कार्रवाई, बिजली विभाग का अवर अभियंता रंगे हाथ गिरफ्तार

देहरादून। राजधानी देहरादून में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के एक अवर अभियंता को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 मार्च 2026 को सतर्कता अधिष्ठान देहरादून की टीम ने सुनियोजित ट्रैप ऑपरेशन के तहत आरोपी अवर अभियंता अतुल कुमार को गिरफ्तार किया। आरोपी पथरी बाग स्थित 33/11 केवी बिजलीघर में तैनात था और एक उपभोक्ता से बिजली कनेक्शन दिलाने तथा लोड बढ़ाने के नाम पर 80 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था।
बताया गया कि शिकायतकर्ता ने अपनी पत्नी के नाम पर खरीदे गए अपार्टमेंट में बिजली कनेक्शन और लोड बढ़ाने के लिए आवेदन किया था, जिसके एवज में आरोपी अधिकारी ने मोटी रकम की मांग की। लगातार परेशान किए जाने पर शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना सतर्कता विभाग को दी। इसके बाद सतर्कता टीम ने योजना बनाकर जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से उपभोक्ताओं को परेशान कर इस तरह की अवैध वसूली कर रहा था। वह बिजली कनेक्शन और अन्य कार्यों को जानबूझकर लटकाकर लोगों पर दबाव बनाता था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही सतर्कता टीम अब आरोपी की संपत्ति और अन्य मामलों की भी गहन जांच में जुट गई है।
इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि देहरादून में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाया गया है और रिश्वतखोरी में लिप्त किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।



