
बद्रीनाथ धाम: देश के प्रसिद्ध उद्योगपति एवं श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के वरिष्ठ सदस्य महेंद्र शर्मा ने मंदिर समिति को 1 करोड़ 1 लाख रुपये का चेक दान स्वरूप भेंट किया। यह चेक बदरीनाथ धाम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी को सौंपा गया। इस अवसर पर अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने उनका स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के मूल निवासी महेंद्र शर्मा देश के प्रतिष्ठित उद्योगपति हैं और पिछले एक दशक से मंदिर समिति के सदस्य के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि महेंद्र शर्मा द्वारा देशभर के विभिन्न तीर्थस्थलों के विकास एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने में लगातार योगदान दिया जाता रहा है। इसी क्रम में उन्होंने बीकेटीसी को 1 करोड़ 1 लाख रुपये का दान दिया है।
उन्होंने महेंद्र शर्मा के इस योगदान को सराहनीय बताते हुए कहा कि यह अन्य श्रद्धालुओं और समाजसेवियों के लिए भी प्रेरणादायक है।वहीं उद्योगपति एवं बीकेटीसी सदस्य महेंद्र शर्मा ने कहा कि भगवान बदरीनाथ और केदारनाथ के प्रति उनकी गहरी आस्था है तथा यह दान उसी श्रद्धा और सेवा भाव का प्रतीक है। उन्होंने आशा जताई कि मंदिर समिति इस राशि का उपयोग धार्मिक कार्यों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार में करेगी।
इस अवसर पर मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती व अन्य सदस्य और अधिकारी भी मौजूद रहे।वहीं श्रद्धालुओं ने भी महेंद्र शर्मा की दानशीलता की प्रशंसा की।



