
ऊधमसिंहनगर: उत्तराखंड के काशीपुर क्षेत्र में अवैध संबंधों के चलते एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है।पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को शराब में जहर मिलाकर मौत के घाट उतार दिया और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को नहर में फेंक दिया।पुलिस ने 36 घंटे के भीतर मामले का पर्दाफाश करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकिएसडीआरएफ की टीम शव की तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी चंद्रावती ने आईटीआई कोतवाली में अपने 35 वर्षीय पुत्र कुलवंत सिंह के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी।कुलवंत 25 अप्रैल को अपनी पत्नी गुड्डी से मिलने काशीपुर के बांसखेड़ा आया था,जहां वह एक फैक्ट्री में काम करती थी।शिकायत में मां ने पुत्रवधू पर संदेह जताते हुए अनहोनी की आशंका व्यक्त की थी।
जांच के दौरान सर्विलांस और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी गुड्डी से पूछताछ की,जिसमें उसने अपराध कबूल कर लिया।एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में हुई कार्रवाई में सामने आया कि गुड्डी का रामपुर निवासी कपिल मौर्या उर्फ राहुल से प्रेम संबंध था।पति की शराब की लत और कथित प्रताड़ना से परेशान होकर दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची।25 अप्रैल की रात नशे में धुत कुलवंत को गुड्डी ने शराब में सल्फास मिलाकर पिला दिया,जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए गुड्डी ने अपने प्रेमी को बुलाया। दोनों ने शव को आल्टो कार में रखकर रुद्रपुर-हरिद्वार बाईपास स्थित तुमड़िया डैम की बड़ी नहर में फेंक दिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार को कब्जे में ले लिया है।आईटीआई कोतवाली प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुड्डी को बांसखेड़ा और उसके प्रेमी कपिल को मसवासी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।दोनों के खिलाफ हत्या,साक्ष्य मिटाने और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
उधर,पुलिस और एसडीआरएफ की टीम आरोपितों की निशानदेही पर नहर में शव की तलाश कर रही है। तेज बहाव के चलते अभी तक शव बरामद नहीं हो सका है। मामले में फॉरेंसिक टीम की भी मदद ली जा रही है ताकि वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें।




