घूनी गांव के चौनघाट इंटर कॉलेज में विज्ञान वर्ग शुरू करने की मांग को लेकर 14वें दिन भी धरना जारी,बैरंग लौटाए विधायक..

नंदानगर (चमोली)
चमोली ज़िले में नंदानगर ब्लॉक स्थित घूनी गांव के चौनघाट इंटर कॉलेज में विज्ञान वर्ग संचालित करने और पदों के सृजन की मांग को लेकर ग्रामीणों का धरना सोमवार को 14वें दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारियों को मनाने पहुंचे थराली विधायक भूपाल राम टम्टा के आश्वासन के बावजूद ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे।
धरना स्थल पर पहुंचे विधायक भूपाल राम टम्टा ने कहा कि विज्ञान वर्ग शुरू करने का मामला शासन स्तर पर लंबित है,और इस संबंध में जल्द ही सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी।हालांकि ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि जब तक विज्ञान वर्ग संचालन एवं पद सृजन संबंधी शासनादेश जारी नहीं हो जाता,तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।जिसके बाद विधायक बैरंग वापस लौट गए।
संघर्ष समिति के अध्यक्ष और विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह रावत ने बताया कि साल 2021 में मुख्यमंत्री द्वारा चौंनघाट इंटर कॉलेज में विज्ञान वर्ग शुरू किए जाने की घोषणा की गई थी,लेकिन आज पाँच साल से अधिक समय बीत जाने के बावजूद भी माँग पूरी नहीं हो पाई है,जिस वजह से आज सभी ग्रामीण धरने पर बैठेने को मजबूर हैं।
धरने के दौरान चौनघाट इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राएं भी स्कूली वर्दी में धरना स्थल पर पहुंचे और अपनी मांग के समर्थन में प्रदर्शन किया। छात्रों और ग्रामीणों का कहना है कि विज्ञान वर्ग नहीं होने के कारण क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए अन्य स्थानों पर जाना पड़ता है,जिससे उन्हें अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि 25 जून तक उनकी मांग पूरी नहीं की गई तो चौनघाट इंटर कॉलेज के सभी छात्र अपने अभिभावकों के साथ ज़िला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करेंगे।
गौरतलब है कि इससे पूर्व बुरा वार्ड की जिला पंचायत सदस्य भगवती देवी ने विद्यालयी शिक्षा निदेशक उत्तराखंड मुकुल प्रसाद सती से देहरादून स्थित उनके कार्यालय पर जाकर मुलाकात कर घूनी चौनघाट इंटर कॉलेज में विज्ञान वर्ग शुरू करने की मांग उठाई थी। उस दौरान शिक्षा निदेशक ने भी सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया था।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट,ब्लॉक प्रमुख हीमा देवी,जिला पंचायत सदस्य बूरा वार्ड भगवती देवी,भाजपा मंडल अध्यक्ष कृपाल सिंह बिष्ट,पूर्व ब्लॉक प्रमुख करण सिंह नेगी,पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य हरीश रावत समेत बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रिनिधि ग्रामीण एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।




