
देहरादून(विकासनगर)
देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में विनोद कश्यप हत्याकांड के बाद तनाव अब स्थिर हैं।रविवार को विभिन्न हिंदू संगठनों और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में प्रदर्शन किया।इस दौरान विकासनगर से भाजपा विधायक मुन्ना सिंह चौहान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।कार्यकर्ताओं ने विधायक पर पुलिस द्वारा बजरंग दल के कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कराने का आरोप लगाया।
दरअसल,बैरागीवाला गांव में खेतों की सिंचाई के पानी को लेकर हुए विवाद में विनोद कश्यप की हत्या हो गई थी।घटना में मृतक के परिवार के कुछ अन्य सदस्य भी घायल हुए थे।इसके बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने हाईवे जाम कर प्रदर्शन किया।
घटना की जानकारी मिलते ही विभिन्न हिंदू संगठनों और बजरंग दल के कार्यकर्ता विकासनगर पहुंच गए।प्रदर्शन के दौरान कुछ स्थानों पर आगजनी की घटनाएं भी सामने आईं।मौके पर पहुंचे भाजपा विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील की।
हालांकि,बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि मुस्लिम वोट बैंक की राजनीति के चलते विधायक ने पुलिस पर दबाव बनाकर कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कराया।इसी आरोप को लेकर प्रदर्शनकारियों ने विधायक के खिलाफ नारेबाजी की और मुर्दाबाद के नारे लगाए।
वहीं विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने इन आरोपों को गलतफहमी बताया है।फोन पर हुई बातचीत में उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर लाठीचार्ज की घटना हुई, उस समय वह वहां मौजूद नहीं थे। उन्होंने कहा कि बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा की गई नारेबाजी एक गलतफहमी का परिणाम है।
मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि सभी कार्यकर्ता उनके छोटे भाइयों की तरह हैं और राजनीति में इस तरह की परिस्थितियां आती रहती हैं। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
फिलहाल क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। विनोद कश्यप हत्याकांड को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है तथा पूरे मामले की जांच की जा रही है।




