
मसूरी: पहाड़ों की रानी मसूरी में घूमने आई एक नवविवाहित महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।महिला का शव मसूरी-धनोल्टी मार्ग स्थित एक होमस्टे के कमरे में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान पी. राधा गायत्री (27) निवासी पूर्वी दिल्ली, मूल निवासी विशाखापट्टनम, आंध्र प्रदेश के रूप में हुई है।वह गुरुग्राम की एक आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थीं। राधा अपने पति सौम्या श्रीचरण के साथ उत्तराखंड भ्रमण पर आई थीं।दोनों की शादी 8 नवंबर 2025 को हुई थी।
बताया गया कि दंपती 13 जून को दिल्ली से ऋषिकेश पहुंचे और 14 जून की रात मसूरी-धनोल्टी मार्ग स्थित कियाना होमस्टे के ब्लिस नामक कमरे में ठहरे थे।पति के अनुसार रात में दोनों ने शराब का सेवन किया और देर रात सो गए।सुबह उठने पर उसने पत्नी को कमरे में अचेत अवस्था में पाया।महिला की नाक से खून बह रहा था और शरीर में कोई हरकत नहीं थी।इसके बाद पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई।
सूचना पर पहुंची मसूरी पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया।जांच के दौरान महिला का शव कमरे के फर्श पर मिला,जबकि बिस्तर की चादर पर खून के निशान पाए गए।कमरे से दो खाली शराब की बोतलें और खाद्य सामग्री भी बरामद हुई। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कर साक्ष्य जुटाए।
सीओ मसूरी जगदीश पंत ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को सुरक्षित कर लिया गया है।मृत्यु के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराया गया है।पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्पष्ट स्थिति सामने आ सकेगी।
उधर,घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के माता-पिता और अन्य परिजन विशाखापट्टनम से देहरादून पहुंचे।परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि उनकी बेटी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका सच सामने आना चाहिए।उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही या आपराधिक पहलू सामने आता है तो जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
पुलिस ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डॉक्टरों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया गया है। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला गया है।जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




