बद्रीनाथ में चढ़ावा चोरी के आरोपों से घिरे प्रमोद नौटियाल की मुश्किलें बढ़ी,अब FIR दर्ज..

देहरादून/बदरीनाथ, 8 जुलाई।
श्री बदरीनाथ धाम में मंदिर के चढ़ावे की गणना के दौरान चढ़ावा चोरी मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) की शिकायत पर कोतवाली बदरीनाथ में समिति के निलंबित निजी सचिव प्रमोद नौटियाल के खिलाफ अब एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
मंदिर समिति द्वारा आरोपी के ख़िलाफ़ FIR बुधवार देर रात 08 जुलाई 2026 को दर्ज की गई।मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 306 एवं धारा 316(5) के तहत पंजीकृत किया गया है।
एफआईआर के अनुसार,बीकेटीसी को सोशल मीडिया के माध्यम से सूचना मिली थी कि 2 जुलाई 2026 को श्री बदरीनाथ मंदिर में थाली भेंट (चढ़ावा) की गणना के दौरान वित्तीय अनियमितता हुई है। इसके बाद बीकेटीसी अध्यक्ष के निर्देश पर विभागीय जांच समिति गठित की गई।

प्राथमिक जांच में आरोप है कि संबंधित कर्मचारी प्रमोद नौटियाल ने 2 जुलाई को सुबह लगभग 9:00 बजे से 9:30 बजे के बीच थाली भेंट गणना स्थल से मंदिर की धनराशि को अवैध रूप से अपने निजी हित में साथ ले जाने का प्रयास किया।जांच आख्या के आधार पर उन्हें पहले ही निलंबित किया जा चुका है।

इसके बाद बीकेटीसी के कार्यालय आदेश संख्या 250/जांच/2026-27 दिनांक 07.07.2026 के तहत मंदिर अधिकारी को प्रमोद नौटियाल के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए गए।इसी क्रम में मंदिर के प्रभारी अधिकारी युद्धवीर पुष्पवान की ओर से कोतवाली बदरीनाथ में तहरीर दी गई,जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।वहीं,उत्तराखंड शासन पहले ही पूरे प्रकरण की जांच के लिए तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति का गठन कर चुका है,जो निर्धारित अवधि में अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपेगी।




