राजनीति
Trending

सीएम धामी पर श्रीनगर में बुलडोजरों से पुष्पवर्षा,मेयर आरती भंडारी की अगुवाई में बैकुंठ चतुर्दशी मेला शुरू..

श्रीनगर गढ़वाल।धर्म,संस्कृति और विकास के संगम के रूप में पहचान रखने वाले श्रीनगर में सोमवार को बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी-2026 का भव्य आगाज हुआ। मेले के शुभारंभ अवसर पर महापौर आरती भंडारी की अगुवाई में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का ऐतिहासिक एवं भव्य स्वागत किया गया।बुलडोजरों से पुष्पवर्षा,ढोल-दमाऊं की गूंज,पारंपरिक वेशभूषा में सजे नन्हे-मुन्ने बच्चों और हजारों लोगों के उत्साह ने मुख्यमंत्री के स्वागत को यादगार बना दिया।मुख्यमंत्री ने भी श्रीनगर को विकास की कई महत्वपूर्ण सौगातें देकर मेले के शुभारंभ को क्षेत्र के लिए खास बना दिया।

महापौर आरती भंडारी के नेतृत्व में नगर निगम की ओर से मुख्यमंत्री के स्वागत और मेले के शुभारंभ को लेकर विशेष तैयारियां की गई थीं। खुली जीप में सवार मुख्यमंत्री पर बुलडोजरों के माध्यम से पुष्पवर्षा की गई। सड़क के दोनों ओर मौजूद युवाओं, लोगों ने फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया।वहीं स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और परंपराओं की सुंदर झलक पेश की। मुख्यमंत्री ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

मेले का विधिवत शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी,कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत, विधायक विनोद कंडारी ने रिबन काटकर और गुब्बारे उड़ाकर किया।इस दौरान उन्होंने स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उत्पादों के स्टालों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पहाड़ी परंपराओं से जुड़ाव भी देखने को मिला उन्होंने सिलबट्टे पर नमक भी पीसा। इसके बाद मुख्यमंत्री ने पौराणिक कमलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

महापौर ने रखी श्रीनगर के विकास की तस्वीर : कार्यक्रम में महापौर आरती भंडारी ने मुख्यमंत्री एवं अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि कमलेश्वर महादेव की पावन नगरी में मुख्यमंत्री का आगमन समस्त क्षेत्रवासियों के लिए गौरव का विषय है। बैकुंठ चतुर्दशी मेला श्रीनगर की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक पहचान का प्रतीक है। नगर निगम का प्रयास है कि मेले को और अधिक भव्य स्वरूप देने के साथ स्थानीय कलाकारों, महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उत्पादों को विशेष मंच उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने कहा कि श्रीनगर को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित और आधुनिक शहर बनाने के संकल्प के साथ नगर निगम लगातार कार्य कर रहा है। शहर की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार, पार्कों के सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जा रही है। महापौर ने मुख्यमंत्री द्वारा श्रीनगर के विकास के लिए की गई महत्वपूर्ण घोषणाओं पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन योजनाओं से शहर को नई पहचान और विकास को नई गति मिलेगी।

श्रीनगर को मिली विकास की बड़ी सौगातें : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में श्रीनगर के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से सीवर लाइन परियोजना को जल्द धरातल पर उतारने, उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के माध्यम से श्रीनगर में साइंस सिटी विकसित करने तथा श्रीनगर नगर निगम के नए कार्यालय भवन के निर्माण को स्वीकृति देने की बात कही। इसके साथ ही श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द हेली सेवा शुरू करने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने पांचों प्रयागों विष्णुप्रयाग, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग में हाईटेक घाटों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के साथ धारी देवी मंदिर के समीप आधुनिक घाट विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने बैकुंठ चतुर्दशी मेले के आयोजन के लिए सरकारी सहयोग देने की भी बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीनगर धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक दृष्टि से प्रदेश का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां एनआईटी का निर्माण, पैरामेडिकल एवं नर्सिंग कॉलेज की स्थापना के प्रयास, आधुनिक बस स्टैंड एवं पार्किंग जैसी योजनाएं क्षेत्र के विकास को नई दिशा देंगी। उन्होंने नगर निगम क्षेत्र में लगभग नौ करोड़ रुपये की विकास योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास का भी उल्लेख किया।

महापौर के प्रयासों को मिला विकास का संबल : मुख्यमंत्री की घोषणाओं से श्रीनगर में शहरी सुविधाओं के विस्तार और आधुनिक विकास की नई उम्मीद जगी है। विशेष रूप से नगर निगम के नए कार्यालय भवन की स्वीकृति, सीवर लाइन परियोजना और साइंस सिटी की घोषणा को शहर के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इन योजनाओं से न केवल शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि श्रीनगर की धार्मिक, शैक्षणिक और पर्यटन क्षेत्र में पहचान भी और मजबूत होगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव से संबंधित डाक आवरण का विमोचन किया तथा शाइनी कृष्ण उनियाल की पुस्तक ‘मां राजराजेश्वरी चालीसा’ का भी विमोचन किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक डॉ. धन सिंह रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष पौड़ी रचना बुटोला, देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी, पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग पूनम कठैत,जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, एसएसपी सर्वेश पंवार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button