
देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परिवार संग जाकर शुक्रवार को देहरादून के हाथीबड़कला स्थित सेंट्रियो मॉल के सिनेमा हॉल में संत एवं आध्यात्मिक विभूति श्री नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी।

फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत की संत परंपरा सदैव समाज को सत्य,सेवा,करुणा और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाती रही है।उन्होंने कहा कि नीम करौली बाबा का जीवन इसी महान परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है और उनकी भक्ति, मानव सेवा तथा सभी के प्रति प्रेम का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं,बल्कि महान संतों और आध्यात्मिक परंपराओं की भी भूमि है।उन्होंने कहा कि नीम करौली बाबा का कैंची धाम आज विश्वभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है। ऐसी विभूतियों के जीवन और संदेश को फिल्मों के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाना भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।
उन्होंने कहा कि ‘हनुमान अंश’ फिल्म भक्ति, सेवा, प्रेम और मानव कल्याण की भावना को केंद्र में रखकर बनाई गई है। फिल्म में बाबा के जीवन से जुड़े उन मूल्यों को प्रस्तुत किया गया है, जिनमें ईश्वर के प्रति अटूट श्रद्धा, मानव सेवा,करुणा,विनम्रता और लोककल्याण की भावना प्रमुख है।
मुख्यमंत्री धामी ने फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी, कलाकारों और पूरी निर्माण टीम की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा पर आधारित सकारात्मक फिल्मों से समाज में सेवा, संस्कार और मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ती है।
गौरतलब है कि ‘हनुमान अंश’ का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है।फिल्म में शोभिनव सतैया सहित अन्य कलाकारों ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं।यह फिल्म 7 अगस्त 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में हिंदी भाषा में रिलीज की गई थी।




