खेल
Trending

श्रीनगर की सनाया का तीरंदाज़ी में जलवा,राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में जीते तीन पदक

श्रीनगर गढ़वाल।उम्र महज 12 साल,लेकिन हौसले और निशानेबाजी में बड़े खिलाड़ियों को टक्कर देने का दम। श्रीनगर गढ़वाल की बेटी सनाया भंडारी (माही) ने एक बार फिर तीरंदाजी में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।टिहरी गढ़वाल में 17 और 18 अक्टूबर को आयोजित नौवीं सीनियर स्टेट आर्चरी चैंपियनशिप में सनाया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो रजत और एक कांस्य सहित कुल तीन पदक अपने नाम किए।इस उपलब्धि के साथ ही उनका नवंबर में मेघालय के शिलांग में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है।खास बात यह है कि सनाया इतनी कम उम्र में सीनियर कैटेगरी में मुकाबला कर रही हैं।

राज्य स्तरीय इस चैंपियनशिप में करीब 130 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में पुलिस, सेना और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े खिलाड़ियों सहित विभिन्न वर्गों के प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। अनुभवी खिलाड़ियों के बीच सनाया ने सटीक निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए अपनी अलग पहचान बनाई।उन्होंने रैंकिंग स्पर्धा में रजत पदक जीता।इस मुकाबले में उन्होंने अल्मोड़ा की एक डॉक्टर खिलाड़ी को हराकर शानदार प्रदर्शन किया। इसके अलावा व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य और मिक्स टीम मुकाबले में रजत पदक हासिल किया।

सनाया की इस सफलता के पीछे उनके कोच कुलदीप बिष्ट का मार्गदर्शन और प्रशिक्षण अहम रहा है।नियमित अभ्यास, तकनीक में सुधार और प्रतियोगिताओं के लिए तैयारी के दौरान कोच कुलदीप बिष्ट ने उन्हें लगातार मार्गदर्शन दिया। उनके प्रशिक्षण में सनाया ने अपनी निशानेबाजी को बेहतर बनाया और कम उम्र में सीनियर वर्ग की चुनौती का सामना करते हुए तीन पदक हासिल किए। सनाया की उपलब्धि उनके अभ्यास, मेहनत और कोच के मार्गदर्शन के बेहतर तालमेल का परिणाम है।

राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी सनाया : राज्य चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन के बाद सनाया अब नवंबर में शिलांग में होने वाली राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाएंगी। वह सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल, देहरादून की कक्षा आठवीं की छात्रा हैं। इससे पहले भी वह राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा साबित कर चुकी हैं।

हाल ही में आयोजित सीबीएसई नेशनल आर्चरी चैंपियनशिप में सनाया ने 30 मीटर इंडियन राउंड के व्यक्तिगत मुकाबले में स्वर्ण पदक जीता था। वहीं, सीबीएसई नॉर्थ जोन आर्चरी चैंपियनशिप में अंडर-14 वर्ग में दो स्वर्ण पदक हासिल किए थे। जून 2025 में नैनीताल में आयोजित राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में उन्होंने रजत पदक जीता था। मार्च 2025 में आंध्र प्रदेश और नवंबर 2025 में अरुणाचल प्रदेश में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी वह प्रतिभाग कर चुकी हैं।

सनाया की उपलब्धियों में उनके माता-पिता का सहयोग भी महत्वपूर्ण है। उनकी माता आरती भंडारी श्रीनगर नगर निगम की महापौर हैं, जबकि पिता लखपत सिंह भंडारी पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं श्रीनगर के वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता हैं। सार्वजनिक जीवन और सामाजिक जिम्मेदारियों में व्यस्त रहने के बावजूद आरती भंडारी बेटी की खेल संबंधी गतिविधियों और उसके सपनों को पूरा करने के लिए समय निकालती हैं। वहीं, पिता लखपत सिंह भंडारी भी बेटी को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।

परिवार के सहयोग,कोच कुलदीप बिष्ट के मार्गदर्शन और सनाया की मेहनत से उनकी उपलब्धियों का सिलसिला लगातार आगे बढ़ रहा है। महज 12 वर्ष की उम्र में सीनियर कैटेगरी में तीन पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होना उनके लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अब सनाया की निगाहें शिलांग में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता पर हैं, जहां वह बेहतर प्रदर्शन कर उत्तराखंड का नाम रोशन करने के इरादे से उतरेंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button