
चमोली।भाई की शादी में शामिल होने जा रही दो महिलाओं का करीब 14 लाख रुपये के जेवरों से भरा बैग रास्ते में खो गया। इससे दोनों महिलाएं परेशान हो गईं। उन्होंने चमोली कोतवाली पहुंचकर पुलिस से मदद मांगी। पुलिस ने देर रात तक वाहनों की तलाश और पूछताछ की।आखिरकार रात करीब एक बजे बैग बरामद कर लिया गया।जेवर सुरक्षित मिलने पर महिलाओं ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया।
पुलिस के अनुसार,18 अक्तूबर को रामनगर,नैनीताल और लक्ष्मीनगर, नई दिल्ली निवासी दो महिलाएं अपने भाई की शादी में शामिल होने के लिए ज्योतिर्मठ जा रही थीं।दोनों सुबह रामनगर से अपनी गाड़ी से गैरसैंण पहुंचीं।इसके बाद टैक्सी से कर्णप्रयाग और फिर दूसरे वाहन से चमोली पहुंचीं।इसी दौरान उनका जेवरों से भरा पिट्ठू बैग कहीं छूट गया।काफी तलाश करने के बाद भी बैग नहीं मिला तो दोनों महिलाएं रात करीब साढ़े सात बजे कोतवाली चमोली पहुंचीं और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजय प्रकाश ने बैग की तलाश शुरू की।पुलिस ने कर्णप्रयाग क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की मदद से एक वाहन की पहचान की और उसके चालक से संपर्क किया।रात करीब साढ़े दस बजे नारायणबगड़ के पास हरवंश गांव में वीडियो कॉल के माध्यम से वाहन की जांच कराई गई, लेकिन बैग वहां नहीं मिला।
इसके बाद पुलिस ने महिलाओं के कर्णप्रयाग से चमोली तक के सफर में इस्तेमाल किए गए दूसरे वाहन की जानकारी जुटाई। लगातार प्रयासों के बाद रात करीब एक बजे संबंधित वाहन से जेवरों से भरा बैग बरामद कर लिया गया।बैग में करीब 14 लाख रुपये के जेवर सुरक्षित मिले।इसके बाद महिलाओं और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली।देर रात तक तलाश जारी रखकर बैग बरामद करने पर महिलाओं ने चमोली पुलिस की तत्परता और सहयोग की सराहना की।




