भारतीय शूटिंग जगत को बड़ा झटका,एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता जसपाल राणा का निधन…

नई दिल्ली।भारतीय खेल जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। देश के प्रसिद्ध निशानेबाज, एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता और भारतीय शूटिंग टीम के हाई परफॉर्मेंस कोच जसपाल राणा का 49 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन से खेल जगत में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार,जसपाल राणा हाल ही में जर्मनी के म्यूनिख में आयोजित आईएसएसएफ वर्ल्ड कप में भारतीय दल के साथ गए थे। भारत लौटते समय उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।दिल्ली पहुंचने के बाद उन्हें साकेत स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
सूत्रों के मुताबिक,हवाई यात्रा के दौरान जसपाल राणा ने अस्वस्थता महसूस की थी।दिल्ली पहुंचने पर उनकी चिकित्सकीय जांच कराई गई और डॉक्टरों की टीम ने उनका इलाज शुरू किया।हालांकि तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
जसपाल राणा भारतीय शूटिंग के सबसे सफल खिलाड़ियों में गिने जाते थे।उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया और बाद में कोच के रूप में भी भारतीय निशानेबाजों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।उनके निधन से खेल जगत ने एक अनुभवी खिलाड़ी और मार्गदर्शक को खो दिया है।




