हरिद्वार में बड़ा हादसा:नहर में डूबने से चार कांवड़ियों की मौत,सभी चंडीगढ़ के रहने वाले…

हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। जटवाड़ा पुल के पास नहर में स्नान के दौरान चार नाबालिग कांवड़ियों की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस, जल पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा रेस्क्यू अभियान चलाकर चारों के शव नहर से बाहर निकाले। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार,मृतक कांवड़िए चंडीगढ़ से हरिद्वार गंगाजल लेने आए श्रद्धालुओं के दल में शामिल थे।उनकी उम्र लगभग 16 से 18 वर्ष के बीच बताई जा रही है।बताया गया कि चारों निर्धारित घाट की बजाय नहर में स्नान करने चले गए,जहां गहरे पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई।
एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा के मद्देनजर घाटों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और एसडीआरएफ के जवान भी तैनात हैं।इसके बावजूद कुछ श्रद्धालु निर्धारित घाटों के बजाय प्रतिबंधित स्थानों पर स्नान करने चले जाते हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं प्रशासन ने कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल निर्धारित एवं सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें और चेतावनी वाले स्थानों पर जाने से बचें, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।




