घटनाक्रम
Trending

स्कूल की पेरेंट्स मीटिंग में जा रही मां-बेटियों को कार ने मारी टक्कर,मां और 6 साल की बेटी की मौत…

सितारगंज: उत्तराखंड के सितारगंज में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं।स्कूल में आयोजित पेरेंट्स मीटिंग में शामिल होने के लिए अपनी दो बेटियों के साथ घर से निकली 34 वर्षीय मां को शायद अंदाजा भी नहीं था कि यह सफर उनके परिवार के लिए जिंदगी का सबसे बड़ा दुख बन जाएगा। नेशनल हाईवे किनारे वाहन का इंतजार कर रही मां और उसकी दोनों बेटियों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी।हादसे में मां और छह साल की मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ साल की दूसरी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 10:40 बजे मीनू देवी अपनी बेटियों अंशिका (6) और राधिका (9) के साथ स्कूल की पेरेंट्स मीटिंग में जाने के लिए निकली थीं। तीनों आरके ढाबे के पास नेशनल हाईवे किनारे वाहन का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान किच्छा की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मीनू देवी और उनकी छोटी बेटी अंशिका ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि राधिका गंभीर रूप से घायल हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।वहीं, दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है।

एक ही हादसे में मां और छोटी बेटी की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।वहीं,अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही नौ वर्षीय राधिका की हालत ने परिवार की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। जिस स्कूल की पेरेंट्स मीटिंग में शामिल होने के लिए मां अपनी बेटियों के साथ निकली थी,वहां पहुंचने से पहले ही यह सफर एक कभी न भरने वाला जख्म दे गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button