मोहब्बेवाला सड़क हादसें में चार मौतों के बाद ट्रक ड्राइवर और इन अधिकारियों पर मुक़दमा..

देहरादून।मोहब्बेवाला में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत के बाद अब सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिम्मेदार विभागों पर भी कार्रवाई शुरू हो गई है। पटेलनगर पुलिस ने मामले में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।वहीं, मृतक के भाई की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ भी गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक,बीते बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे आशारोड़ी से आईएसबीटी की ओर जाने वाले मार्ग पर मोहब्बेवाला के पास कार संख्या UK07FR-6780 के ऊपर ट्रेलर संख्या NL-01AA-2485 पलट गया था।हादसा इतना भीषण था कि कार सवार चार लोगों की मौके पर ही ट्रेलर के नीचे कार सहित दबने से मौत हो गई,जबकि छह वर्षीय बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया था।
इस मामले में आईएसबीटी चौकी प्रभारी जयवीर सिंह की शिकायत पर एनएचएआइ और लोनिवि के अधिकारियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 106(1), 125(ए), 125(बी) और 281 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस शिकायत में आरोप लगाया गया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-72ए पर वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। सड़क किनारे बने गड्ढों के संबंध में चेतावनी बोर्ड नहीं लगाए गए थे। इसके अलावा जरूरी संकेतक, यातायात चिह्न और रिफ्लेक्टर भी पर्याप्त संख्या में नहीं थे। रात के समय रोशनी की कमी और सड़क पर मौजूद अचानक मोड़ व ढलान को भी हादसों का संभावित कारण बताया गया है।शिकायत के अनुसार, इस मार्ग पर पहले भी लगातार दुर्घटनाएं हो रही थीं और सड़क सुरक्षा से जुड़ी खामियों को लेकर संबंधित विभागों को अवगत कराया गया था। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं किया गया।
वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले एक व्यक्ति के भाई की शिकायत पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ भी गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब दुर्घटना में ट्रक चालक की भूमिका और संभावित लापरवाही की जांच कर रही है।NHAI और PWD के अधिकारियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे की विवेचना उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी को सौंपी गई है।पुलिस सड़क की स्थिति,सुरक्षा संकेतकों,चेतावनी बोर्ड और अन्य व्यवस्थाओं की जांच करेगी।साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि पूर्व में मिली शिकायतों पर संबंधित विभागों ने क्या कार्रवाई की थी।
मोहब्बेवाला हादसे के बाद अब पुलिस की जांच में यह स्पष्ट होगा कि चार लोगों की मौत के पीछे वाहन चालक की लापरवाही के साथ-साथ सड़क सुरक्षा से जुड़ी विभागीय खामियों की कितनी भूमिका रही।




