
बागेश्वर(04 नवंबर: उत्तराखंड के बागेश्वर में 17 अक्टूबर से लापता 35 वर्षीय धीरेन्द्र परिहार उर्फ कक्कू की गुमशुदगी के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में 42 वर्षीय महिला लता भण्डारी और उसके 39 वर्षीय भाई त्रिभुवन सिंह बिष्ट उर्फ बबलू को गिरफ्तार किया है।आरोपियों की निशानदेही पर युवक का शव थुनाई बैण्ड के समीप गोमती नदी से बरामद किया गया है।
मामले के अनुसार, धीरेन्द्र परिहार 17 अक्टूबर की शाम बागेश्वर बाजार जाने के बाद लापता हो गया था। 31 अक्टूबर को उसकी मां नंदी परिहार ने कोतवाली में गुमशुदगी की तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की।
पुलिस ने युवक की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की और सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस तथा तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच आगे बढ़ाई।जांच के दौरान युवक का अंतिम संपर्क नुमाईशखेत निवासी लता भण्डारी के मोबाइल नंबर पर सामने आया। शुरुआत में महिला ने मामले की जानकारी होने से इनकार किया, लेकिन सीसीटीवी फुटेज में महिला की कार और मृतक की स्कूटी दिखाई देने के बाद पुलिस ने पूछताछ तेज की।
पुलिस के मुताबिक,पूछताछ में लता भण्डारी ने बताया कि 17 अक्टूबर की रात धीरेन्द्र नशे की हालत में उसके घर पहुंचा था, जहां दोनों के बीच विवाद हो गया।इसी दौरान महिला ने कथित तौर पर लोहे की रॉड से युवक के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार,वारदात के बाद महिला ने शव को चारपाई के नीचे छिपा दिया।अगले दिन अपने भाई त्रिभुवन सिंह बिष्ट को बुलाकर घटना की जानकारी दी। इसके बाद दोनों ने शव को कार में रखकर थुनाई बैण्ड के पास गोमती नदी में फेंक दिया।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शव बरामद करने के साथ ही वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड और शव को ले जाने में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।




