
चमोली। बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लामबगड़ क्षेत्र में जेपी पावर प्रोजेक्ट के समीप बोलेरो पिकअप और किआ कार की जोरदार भिड़ंत हो गई।टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो पिकअप सड़क पर ही पलट गया।हादसे में 7 से 8 लोग घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना चौकी पांडुकेश्वर से मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट पांडुकेश्वर की टीम अपर उप निरीक्षक देवेंद्र नेगी के नेतृत्व में तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।मौके पर पहुंची SDRF और पुलिस की संयुक्त टीम ने बिना देरी किए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया,जहां उन्हें उपचार के लिए भर्ती कराया गया। एसडीआरएफ और पुलिस की तत्परता से घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका।फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच चल रही है।



