उत्तरकाशी:मोरी तहसील के पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड से भारी नुकसान हुआ है।आग की चपेट में आने से 33 आवासीय भवन पूरी तरह जलकर राख हो गए,जबकि पंचायत भवन और एक प्राथमिक विद्यालय को भी नुकसान पहुंचा है।इस अग्निकांड से कुल 58 परिवार प्रभावित हुए हैं।हालांकि,13 आवासीय भवन सुरक्षित बताए गए हैं।
उपजिलाधिकारी पुरोला से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अब तक इस अग्निकांड में किसी भी प्रकार की जनहानि या पशुहानि की सूचना नहीं मिली है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ और राहत एवं बचाव कार्यों के लिए अग्निशमन, एसडीआरएफ, पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें मौके के लिए रवाना की गईं।अग्निकांड की सूचना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने जिला प्रशासन से घटना की जानकारी लेते हुए राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, अस्थायी आवास, चिकित्सा सुविधा और आवश्यक राहत सामग्री की तत्काल व्यवस्था करने को कहा है। साथ ही आग से हुए नुकसान का शीघ्र आकलन कर नियमानुसार प्रभावित परिवारों को राहत एवं सहायता राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है। सरकार की प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा और प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाना है।




