घटनाक्रम

हरिद्वार में बारात का स्टंट बना हादसा: कार की चपेट में आया 10 साल का बच्चा, ग्रामीणों ने बारातियों को बनाया बंधक

हरिद्वार: हरिद्वार जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के टकाभरी गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। बारात में शामिल युवकों द्वारा कार से स्टंट करने के दौरान एक 10 वर्षीय मासूम कार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश फैल गया और गुस्साए ग्रामीणों ने कार में तोड़फोड़ करते हुए बारातियों को घेरकर बंधक बना लिया।

मिली जानकारी के अनुसार लक्सर क्षेत्र के एक गांव से गुरुवार को टकाभरी गांव में बारात पहुंची थी। बताया जा रहा है कि बारात में मौजूद कुछ युवक शराब के नशे में थे और बाग के पास कार से स्टंट कर रहे थे। इसी दौरान सत कुमार का 10 वर्षीय बेटा विशु अचानक कार की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने कार में तोड़फोड़ कर दी और हंगामा करते हुए बारात में आए लोगों को घेरकर बंधक बना लिया। देखते ही देखते गांव में तनाव का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन आक्रोशित लोग पुलिस की बात सुनने को तैयार नहीं थे। इसके बाद एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया और बंधक बनाए गए बारातियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में घायल बच्चे को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल बच्चे की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर स्थिति को शांत करा दिया है और गांव में फिलहाल शांति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में बच्चे को गंभीर चोटें आई हैं और बेहतर इलाज के लिए उसे हायर सेंटर भेजा गया है। मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button