क्राइम

लक्सर में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जांच जारी

हरिद्वार। हरिद्वार जिले के लक्सर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़िता के पिता ने कोतवाली में दी तहरीर में आरोप लगाया कि टांडा भागमल भोगपुर निवासी शुभम नामक युवक उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक शोषण किया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि इस कृत्य में आरोपी को उसके भाई और मां का भी सहयोग मिला। विरोध करने पर आरोपी ने पीड़िता को अपशब्द कहे और धमकियां दीं।

तहरीर मिलने के बाद लक्सर कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सूचना तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी के संभावित ठिकानों पर निगरानी रखी और उसे लक्सर क्षेत्र से ही गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है। यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि महिला और बाल सुरक्षा के मामलों में पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button