शांत वादियों में गोलियों की गूंज: 15 दिनों में 5 हत्याएं,देहरादून में बढ़ता अपराध बना चुनौती

देहरादून। शांत वादियों के लिए मशहूर उत्तराखंड अब खौफ के साए में नजर आ रहा है। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे अब अंधेरे का इंतजार नहीं करते — वारदातें दिनदहाड़े सड़कों पर हो रही हैं। पिछले 48 घंटों में हुई दूसरी सुपारी किलिंग ने दून पुलिस की कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि बीते महज 15–16 दिनों में प्रदेश में पांच हत्याएं हो चुकी हैं। लगातार बढ़ती घटनाओं से आमजन में डर का माहौल है और पुलिस-प्रशासन के सुरक्षा दावों की पोल खुलती नजर आ रही है।
अधिकतर मामलों में आपसी रंजिश और जमीन विवाद हत्या की वजह बने हैं। साथ ही पुलिस की गश्त और खुफिया तंत्र की सक्रियता पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
29 जनवरी को विकासनगर के ढालीपुर क्षेत्र में 12वीं की छात्रा की दरांती और पत्थर से बेरहमी से हत्या कर दी गई। छात्रा का चचेरा भाई उसे दवा दिलाने के बहाने घर से ले गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। तलाश के दौरान शक्तिनहर किनारे झाड़ियों में शव बरामद हुआ। मृतका के सिर पर गहरी चोटें थीं, मुंह पत्थर से कुचला गया था और हाथ की उंगलियां भी कटी हुई पाई गईं। मौके से बाइक, दरांती और पत्थर बरामद हुए हैं। पिता की तहरीर पर चचेरे भाई के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है, आरोपी फिलहाल फरार है
31 जनवरी की रात शिवाजी नगर क्षेत्र में 35 वर्षीय प्रीति, जो एम्स ऋषिकेश में अटेंडेंट थीं, की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी ने दरवाजा खुलते ही सीने में गोली मार दी। घायल अवस्था में प्रीति को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बाद में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
2 फरवरी को मच्छी बाजार स्थित दूल्हा बाजार में 22 वर्षीय युवती की सरेआम चापड़ से हत्या कर दी गई। युवती ने पहले ही आरोपी आकाश कुमार के खिलाफ धमकी की शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस समय रहते कार्रवाई नहीं कर सकी। बाद में आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
11 फरवरी को तिब्बती मार्केट में कारोबारी अर्जुन शर्मा की शूटरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद बदमाश बिना नंबर की स्कूटी से फरार हो गए और बाद में हुलिया बदल लिया। पुलिस ने दो शूटरों समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
13 फरवरी की सुबह रायपुर क्षेत्र में कुख्यात गैंगस्टर विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह सिल्वर सिटी स्थित जिम से बाहर आ रहा था। हमलावर बाइक से फरार हो गए। पुलिस इसे गैंगवार मानते हुए जांच में जुटी है।
लगातार हो रही वारदातों ने साफ कर दिया है कि अपराधियों में कानून का डर खत्म होता जा रहा है। आम लोग सहमे हुए हैं और पुलिस की गश्त, निगरानी व खुफिया व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो चुके हैं।




