
देहरादून।स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी संगठनों ने अपनी लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर एकजुटता दिखाई है। स्वास्थ्य महानिदेशालय में आयोजित बैठक में PMHS एसोसिएशन, मेडिकल एंड पब्लिक हेल्थ एसोसिएशन,नर्सिंग एसोसिएशन डिप्लोमा फार्मेसी,मिनिस्ट्रीयल हेल्थ,LT संवर्ग सहित कई संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और साझा मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में जिला चिकित्सालयों को मेडिकल कॉलेजों के कारण अन्यत्र स्थानांतरित करने के प्रस्ताव का विरोध करते हुए अस्पतालों को यथावत संचालित रखने की मांग की गई।साथ ही स्थानांतरण प्रक्रिया को पारदर्शी और नियमसम्मत बनाने, कैडर पुनर्गठन, पदोन्नति, पदों के पुनर्निर्धारण,IPHS मानकों के अनुरूप मानव संसाधन उपलब्ध कराने तथा गोल्डन कार्ड से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग उठाई गई।कर्मचारियों के हित में पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।
बैठक में सभी विभागीय संगठनों को एक मंच पर लाकर जल्द महासंगठन बनाने पर सहमति बनी।पदाधिकारियों का कहना था कि संयुक्त मंच बनने से अधिकारी-कर्मचारियों की लंबित मांगों को शासन के समक्ष अधिक मजबूती और प्रभावी ढंग से रखा जा सकेगा।बैठक में विभिन्न संगठनों के प्रदेश पदाधिकारियों ने आपसी समन्वय के साथ आगे बढ़ने और कर्मचारियों के हितों की लड़ाई संयुक्त रूप से लड़ने का संकल्प भी लिया।




