स्पेशल
Trending

चमोली में इस BSNL टॉवर का नहीं हुआ बिजली बिल जमा,तो कट गया कनैक्शन..

चमोली 29 नवंबर: चमोली जनपद की निजमूला घाटी में बीएसएनएल के एकमात्र मोबाइल टावर का बिजली कनेक्शन काटे जाने से करीब 15 ग्राम सभाओं में मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह ठप हो गया है। बिजली विभाग ने 10 लाख 72 हजार 280 रुपये का बिजली बिल बकाया होने के चलते यह कार्रवाई की है।नेटवर्क बंद होने से ग्रामीणों का बाहरी क्षेत्रों से संपर्क टूट गया है। सबसे अधिक परेशानी आपातकालीन परिस्थितियों में हो रही है, जहां ग्रामीणों को फोन की सुविधा तक नहीं मिल पा रही है।

बिजली विभाग के जेई दीपक राणा ने बताया कि बीएसएनएल पर पिछले कई वर्षों से बिजली बिल बकाया चल रहा था।विभाग की ओर से कई बार भुगतान के लिए सूचित किया गया,लेकिन बिल जमा नहीं किया गया।इसके बाद उच्च अधिकारियों के निर्देश पर टावर का बिजली कनेक्शन काट दिया गया।

वहीं,बीएसएनएल के एसडीओ राजेश सैनी ने बिजली विभाग की कार्रवाई पर आपत्ति जताई है।उन्होंने बताया कि बीएसएनएल की ओर से बिजली विभाग को 30 नवंबर तक बकाया बिल जमा करने के लिए कहा गया था,लेकिन विभाग ने शनिवार को ही बिजली कनेक्शन काट दिया।उन्होंने इस कार्रवाई को अनुचित बताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र की संचार व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है।

ब्यारा के पूर्व प्रधान बुजलाल ने बताया कि निजमूला घाटी में बीएसएनएल का यही एकमात्र मोबाइल टावर है। इसके बंद होने से करीब 15 ग्राम सभाओं के ग्रामीण नेटवर्क से कट गए हैं।बाहर रहने वाले परिजनों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। वहीं, आपातकालीन स्थिति में फोन नहीं लगने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

इस मामले में भाजपा नेता बीरेंद्र फर्स्वाण ने बिजली विभाग और बीएसएनएल के बीच चल रहे विवाद का जल्द समाधान करने और टावर की बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि दोनों विभागों के आपसी विवाद का खामियाजा ग्रामीणों को नहीं भुगतना चाहिए। संचार व्यवस्था सुचारु करने के लिए जल्द कदम उठाए जाने चाहिए।वहीं,ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही टावर की बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button