Uncategorizedशिक्षा

अल्मोडिया इस्लामिक स्कूल का हेडमास्टर निकला फर्जी प्रवेशपत्र कांड का मास्टरमाइंड

हरिद्वार। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा में फर्जी प्रवेशपत्र के जरिए नकल कराने के सनसनीखेज मामले का खुलासा हुआ है। हरिद्वार के रानीपुर क्षेत्र में पुलिस ने एक प्रधानाचार्य को गिरफ्तार किया है, जिस पर छात्रा को पास कराने के नाम पर रुपये लेने और उसकी जगह दूसरी छात्रा को परीक्षा में बैठाने की साजिश रचने का आरोप है। G.I.C. सलेमपुर में बोर्ड परीक्षा के दौरान फर्जी परीक्षार्थियों के पकड़े जाने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि इस पूरे खेल के पीछे ज्वालापुर निवासी एक हेडमास्टर का हाथ था। आरोपी ने पूछताछ में स्वयं को ज्वालापुर स्थित अल्मोडिया इस्लामिक हाई स्कूल का प्रधानाचार्य बताया। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह द सक्सेज प्वॉइंट नाम से सोशल मीडिया ग्रुप के जरिए ऑनलाइन कोचिंग संचालित करता है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने ट्यूशन पढ़ने वाली छात्रा के परिजनों से धनराशि ली। छात्रा को परीक्षा में पास कराने का झांसा दिया। छात्रा की ही बड़ी बहन की फोटो लगाकर फर्जी प्रवेशपत्र तैयार किया गया। असली छात्रा की जगह दूसरी युवती को परीक्षा केंद्र भेजा गया। परीक्षा के दौरान संदेह होने पर जांच की गई, जिसमें 3 युवतियों समेत कुल 7 लोगों को हिरासत में लिया गया था। पुलिस अधीक्षक नगर अभय कुमार ने कहा कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आरोपी ने आर्थिक लाभ के लिए सुनियोजित तरीके से फर्जी प्रवेशपत्र तैयार कराया और परीक्षा व्यवस्था को धोखा देने का प्रयास किया।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button