कोटद्वार में नाम विवाद को लेकर तनाव, तीन पक्षों पर मुकदमे दर्ज, सांसद चंद्रशेखर के पहुंचने की आशंका से पुलिस अलर्ट

कोटद्वार: कोटद्वार नगर के पटेल मार्ग स्थित वकील अहमद की कपड़े की दुकान के नाम को लेकर शुरू हुआ विवाद अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। मामले में पुलिस ने तीन अलग-अलग पक्षों पर मुकदमे दर्ज किए हैं। वहीं सांसद चंद्रशेखर समेत कुछ राजनीतिक नेताओं के कोटद्वार पहुंचने की आशंका को देखते हुए पौड़ी पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है।
पुलिस प्रशासन को आशंका है कि बाहरी नेताओं और संगठनों की मौजूदगी से शहर का माहौल बिगड़ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए कोटद्वार की सीमाओं पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। उत्तर प्रदेश से आने वाले वाहनों को वापस लौटाया जा रहा है। स्वयं एसएसपी मौके पर डेरा डाले हुए हैं और पुलिस अधिकारियों को स्थिति को लेकर लगातार ब्रीफ किया जा रहा है।
शहर में पुलिस बल द्वारा पैदल मार्च किया जा रहा है, वहीं संवेदनशील इलाकों में सघन चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि कोटद्वार में दीपक कुमार द्वारा खुद को ‘मोहम्मद दीपक’ बताए जाने के बाद से विवाद ने तूल पकड़ लिया। इसके बाद राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गईं। मुस्लिम समाज के लोगों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ विपक्षी दलों ने दीपक का समर्थन किया है।
मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई नेताओं द्वारा सोशल मीडिया पर की गई प्रतिक्रियाओं के बाद माहौल और गर्म हो गया है।
कोतवाली पुलिस ने इस विवाद में तीन मुकदमे दर्ज किए हैं। पहला मुकदमा दुकानदार वकील अहमद की शिकायत पर बजरंग दल के अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज किया गया है। दूसरा मुकदमा बजरंग दल कार्यकर्ता कमलपाल की ओर से दीपक उर्फ मोहम्मद दीपक और कांग्रेस नेता विजय रावत समेत अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज किया गया है।
तीसरा मुकदमा बाजार चौकी प्रभारी विनोद कुमार की ओर से देहरादून और हरिद्वार से कोटद्वार पहुंचकर हंगामा करने वाले बजरंग दल कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज कराया गया है।
पुलिस का कहना है कि यदि बजरंग दल की तर्ज पर दीपक के समर्थन में भी बाहरी लोग कोटद्वार पहुंचे, तो कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है। इसी आशंका के चलते प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है।
फिलहाल पुलिस हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।




