
देहरादून: उत्तराखंड में लंबे समय से प्रतीक्षित भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारियों के तबादलों की सूची आखिरकार जारी कर दी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित देहरादून दौरे से एक दिन पहले जारी इस सूची में 13 वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बड़ा फेरबदल किया गया है। शासन के इस कदम को वन विभाग के प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने और कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
जारी आदेश के अनुसार प्रमुख वन संरक्षक कपिल लाल से मुख्य वन संरक्षक (पर्यावरण) की जिम्मेदारी वापस लेते हुए उन्हें सीईओ कैंपा और नियोजन का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है।प्रमुख वन संरक्षक एसपी सुबुद्धि से नोडल की जिम्मेदारी हटाई गई है, जबकि उनके पास वन पंचायत, अध्यक्ष जैव विविधता बोर्ड और निदेशक राज्य पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन की जिम्मेदारी यथावत रहेगी।
अपर प्रमुख वन संरक्षक विवेक पांडे से वन अनुसंधान प्रबंधन एवं प्रशिक्षण का दायित्व वापस लेकर उन्हें परियोजना एवं सामुदायिक वानिकी के साथ सीसीएफ एडमिन की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।अपर प्रमुख वन संरक्षक नरेश कुमार को मुख्य वन संरक्षक प्रशासन की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भारत सरकार से प्रतिनियुक्ति के बाद लौटे सुरेंद्र मेहरा को वन अनुसंधान प्रबंधन एवं प्रशिक्षण के साथ सतर्कता और विधि प्रकोष्ठ का दायित्व दिया गया है।मीनाक्षी जोशी को नोडल की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनसे मानव संसाधन का दायित्व वापस लेते हुए उन्हें मुख्य कार्यकारी अधिकारी, बांस एवं रेशा विकास परिषद भी बनाया गया है।
सुशांत पटनायक से परियोजना एवं सामुदायिक वानिकी का कार्यभार वापस लेते हुए उन्हें वनाग्नि और मुख्य वन संरक्षक (पर्यावरण) की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।पी.के. पात्रों को मानव संसाधन का दायित्व सौंपा गया है, जबकि उनसे बांस एवं रेशा विकास परिषद के सीईओ का कार्यभार हटा लिया गया है।
पंकज कुमार को निदेशक नंदा देवी बायोस्फीयर रिजर्व से हटाकर वन संरक्षक (दक्षिण) बनाया गया है। साथ ही उन्हें क्षेत्रीय प्रबंधक, वन विकास निगम रामनगर की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।विनय कुमार भार्गव को वन संरक्षक (अनुसंधान) तथा आकाश वर्मा को वन संरक्षक नंदा देवी बायोस्फीयर रिजर्व का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है।
नीतीश मणि त्रिपाठी को दक्षिणी कुमाऊं से हटाकर पश्चिमी वृत्त का वन संरक्षक बनाया गया है।प्रतिनियुक्ति से लौटीं नीतू लक्ष्मी को वन संरक्षक यमुना के साथ एडिशनल सीईओ CAMPA की जिम्मेदारी दी गई है।प्रशासनिक जानकारों का मानना है कि इन तबादलों से वन विभाग की योजनाओं और परियोजनाओं में तेजी आएगी तथा विभागीय कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी होगी।




