
उधमसिंहनगर:
उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जनपद की बाजपुर कोतवाली पुलिस ने नशा तस्करों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 264 ग्राम गांजा,315 बोर के तीन तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
मामले का खुलासा जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने रुद्रपुर स्थित पुलिस कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान किया। उन्होंने बताया कि जिले में नशा तस्करी और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बाजपुर कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दो व्यक्तियों को रोका और तलाशी ली, जिसमें उनके पास से भारी मात्रा में गांजा और अवैध हथियार बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपना नाम सेराज अंसारी पुत्र मुरसलीन अहमद निवासी रामनगर, जिला नैनीताल तथा मोहम्मद अबूजर पुत्र मोहम्मद बिलाल निवासी रामनगर, जिला नैनीताल बताया है।पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी क्षेत्र में गांजे की सप्लाई करने की फिराक में थे। साथ ही उनके पास से अवैध हथियार मिलने के बाद यह भी आशंका जताई जा रही है कि वे किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की कार्रवाई की गई है।एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जिले में नशा तस्करी, अवैध हथियार और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।




