क्राइम

धार्मिक नगरी हरिद्वार में महिला से सामूहिक दुष्कर्म, होटल मैनेजर समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार:  उत्तराखंड के हरिद्वार से एक बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, यह घटना शनिवार देर शाम की है। पीड़िता उत्तर प्रदेश के बिजनौर की रहने वाली है, जो अपने पति से मिलने हरिद्वार आई थी। उसका पति सिडकुल क्षेत्र की एक फैक्ट्री में कार्यरत है।आरोप है कि बस अड्डे के पास एक ऑटो चालक ने महिला को बहला-फुसलाकर अपने वाहन में बैठाया। कुछ दूरी पर उसे एक कार में बैठाया गया और फिर शिवमूर्ति गली स्थित एक होटल ले जाया गया।पीड़िता का आरोप है कि होटल के अंदर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। किसी तरह वहां से निकलकर महिला सीधे शहर कोतवाली पहुंची और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। कोतवाली प्रभारी रितेश शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को नहर पटरी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों में एक कार चालक, एक ऑटो चालक और होटल का मैनेजर शामिल है। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के कई होटलों में जांच अभियान चलाया। होटल रजिस्टर, पहचान पत्र, सीसीटीवी फुटेज और कर्मचारियों से गहन पूछताछ की गई। करीब सात होटल संचालकों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और सभी कानूनी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button