धर्म
Trending

देहरादून में धूमधाम से मनाया गया नन्दानगर के प्रवासियों का होली मिलन समारोह..

देहरादून(01 मार्च2026)

संस्कृति विभाग देहरादून के प्रेक्षागृह में चमोली जनपद के नंदानगर क्षेत्र से जुड़े प्रवासियों द्वारा पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया।यह कार्यक्रम नन्दा सेवा समिति के तत्वावधान में संपन्न हुआ।कार्यक्रम में बढ़चढ़ कर प्रवासियों ने शिरकत की।

रंग-गुलाल से सराबोर माहौल में ढोल-दमाऊ की थाप पर पारंपरिक होली गीतों की प्रस्तुतियां दी गईं।होली के पौराणिक लोकगीतों की धुन पर लोगों ने जमकर नृत्य किया,जिससे पूरा प्रेक्षागृह उत्सव के रंग में रंग गया।कार्यक्रम के दौरान मंच से विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी दी गईं,जिनमें लोकगीत और लोकनृत्य शामिल रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ नंदानगर निवासी और जिला पंचायत चमोली के अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट तथा नंदानगर मूल के भाजपा युवा मोर्चा उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष विपुल मैंदोली द्वारा किया गया।दोनों अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रवास में रह रहे लोगों को अपनी लोकसंस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं।

इस अवसर पर देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों में निवास कर रहे नंदानगर और चमोली जनपद के बड़ी संख्या में प्रवासियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।लोगों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और पारंपरिक उत्सव को सामूहिक रूप से मनाया।

आयोजन से जुड़े लोगों ने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे,ताकि अपने गांवो और क्षेत्र से दूर रहते हुए भी क्षेत्र की लोकपरंपराएं और सांस्कृतिक पहचान बनी रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button