घटनाक्रम

चमोली में दिल दहला देने वाली घटना: पति ने पत्नी और बेटे पर किया हमला, फिर खुद लगा ली फांसी

चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। जिले के देवाल क्षेत्र के ओडर गांव में एक व्यक्ति ने पहले अपनी पत्नी और बेटे पर धारदार हथियार से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और इसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को ओडर गांव निवासी गजेंद्र सिंह ने अचानक अपनी पत्नी लक्ष्मी देवी और बेटे मयंक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल मां-बेटे को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद डॉक्टरों ने दोनों की हालत को गंभीर देखते हुए उन्हें बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों का इलाज चल रहा है।हमले के बाद आरोपी गजेंद्र सिंह घर से फरार हो गया। कुछ समय बाद ग्रामीणों को उसका शव गांव से करीब 500 मीटर दूर एक पेड़ पर रस्सी से लटका हुआ मिला।इस घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।इस दर्दनाक घटना के बाद ओडर गांव समेत पूरे क्षेत्र में दहशत और सन्नाटा पसरा हुआ है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर इस घटना के पीछे क्या वजह रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button