
जोशीमठ: नगर क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। नोग मोहल्ले में होली से नरसिंह मंदिर की ओर जाने वाला नाला अचानक उफान पर आ गया। नाले का पानी और मलबा आसपास के घरों में घुस गया, जिससे लोगों को काफी नुकसान उठाना पड़ा। घरों में रखा सामान खराब हो गया, जबकि खेत-खलिहान भी मलबे की चपेट में आकर बर्बाद हो गए।
प्रभावित लोगों कमल रतूड़ी, कुशलानंद रतूड़ी, लक्ष्मण प्रसाद रतूड़ी और राजेंद्र प्रसाद रतूड़ी ने बताया कि तेज बारिश के दौरान अचानक घरों में पानी और मलबा घुसने लगा। काफी मशक्कत के बाद घरों से पानी बाहर निकाला गया। उनका आरोप है कि नाले की समस्या को लेकर नगर पालिका को पहले ही सूचना दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई।
वहीं, सुनील वार्ड के सभासद प्रदीप पवार ने बताया किनाले को लेकर नगर पालिका की बोर्ड बैठक में प्रस्ताव भी रखा गया था। उन्होंने कहा कि नाले के लीकेज की समस्या को जल्द ठीक कराया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।




