नैनीताल में 25 कमर्शियल गैस सिलिंडरों से भरी पिकअप जब्त, चालक फरार
नैनीताल। जिले के मंगोली क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए व्यावसायिक गैस सिलिंडरों से भरे एक पिकअप वाहन को पकड़ा है। हालांकि, कार्रवाई के दौरान वाहन चालक मौके से फरार होने में सफल रहा, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस के अनुसार सोमवार रात करीब 8 बजे नियमित जांच के दौरान यूके 04 सीसी 1896 नंबर की पिकअप को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से 25 कमर्शियल गैस सिलिंडर बरामद हुए। चालक से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसी बीच वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। घटना की सूचना पर मंगलवार को कोतवाली पुलिस और खाद्य पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पिकअप वाहन को सीज कर दिया है, जबकि बरामद सभी 25 सिलिंडरों को खाद्य पूर्ति विभाग को सौंप दिया गया है।
वहीं, चालक के परिजन जितेंद्र कुमार ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सिलिंडरों के परिवहन के लिए काशीपुर से शाम 4 बजे ही गेट पास जारी कर दिया गया था और यह खेप नैनीताल के स्कूलों व होटलों में आपूर्ति के लिए भेजी जा रही थी। ऐसे में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठते हैं।
मामले में एक अन्य पहलू भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि जिला प्रशासन की ओर से रात 9 बजे स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) जारी किया गया, जबकि वाहन इससे पहले ही रवाना हो चुका था। इससे नियमों के पालन और कार्रवाई की समयसीमा को लेकर भी संदेह की स्थिति बनी हुई है।
क्षेत्रीय खाद्य पूर्ति अधिकारी सुरेंद्र बिष्ट ने बताया कि संबंधित पिकअप नेहा इंडेन गैस एजेंसी से जुड़ी है, जो पहले भी इसी तरह के मामले में पकड़ी जा चुकी है। फिलहाल सभी सिलिंडरों को जब्त कर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद जहां एक ओर पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं, वहीं जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।



