क्राइम

विक्रम शर्मा हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा कसा, 6 आरोपी ‘मोस्ट वांटेड’ घोषित, इनाम राशि बढ़ी

देहरादून:  देहरादून का बहुचर्चित हिस्ट्रीशीटर विक्रम शर्मा हत्याकांड एक बार फिर सुर्खियों में है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए आरोपियों की धरपकड़ के लिए बड़ा कदम उठाया है। पुलिस ने शूटर समेत तीन मुख्य आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है, वहीं अन्य आरोपियों पर भी इनाम रखा गया है। इसके साथ ही एसएसपी की ओर से अतिरिक्त 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किए जाने के बाद कुल इनामी राशि और बढ़ गई है।

पुलिस ने इस मामले में कुल 6 आरोपियों को चिन्हित करते हुए उनके फोटो और विस्तृत विवरण के साथ “मोस्ट वांटेड” पोस्टर जारी किया है। देहरादून पुलिस ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी को इन आरोपियों के बारे में कोई भी जानकारी मिलती है, तो तुरंत सिटी कंट्रोल रूम या नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें। पुलिस ने यह भी आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

विक्रम शर्मा देहरादून का एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर था, जिस पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे। वह लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था और क्षेत्र में उसका नाम अपराध जगत में चर्चित रहा है। बताया जाता है कि उसकी कई लोगों से पुरानी रंजिश चल रही थी और इलाके में गैंग वर्चस्व को लेकर तनाव लगातार बढ़ रहा था।

सूत्रों के अनुसार, विक्रम शर्मा को पहले भी कई बार जान से मारने की धमकियां मिल चुकी थीं, लेकिन इसके बावजूद उसने अपनी गतिविधियों में कोई कमी नहीं की। इसी दुश्मनी का खौफनाक अंजाम उस दिन सामने आया, जब राजधानी देहरादून के पॉश इलाके स्थित सिल्वर सिटी मॉल के जिम के बाहर उस पर घात लगाकर हमला किया गया। हमलावर पहले से घात लगाकर बैठे थे। जैसे ही विक्रम शर्मा जिम से बाहर निकला, हमलावरों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया और ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। हमला इतना अचानक और तेज था कि विक्रम को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए, जिससे इलाके में दहशत का माहौल फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button