चारगांव रोड पर दर्दनाक हादसा: डंपर खाई में गिरा, चालक समेत दो की मौत

टिहरी: ग्राम क्यारी के पास चारगांव वाली रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में डंपर के खाई में गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब डंपर माल खाली कर वापस लौट रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डंपर वाहन संख्या UK09CA-0639 अभिषेक राणा पुत्र जयवीर राणा निवासी ओनालगांव हाल निवासी लम्बगांव का बताया जा रहा है। वाहन को चालक सूरज राठौड़ उम्र लगभग 44 वर्ष, निवासी बेहराइच, उत्तर प्रदेश चला रहा था। उसके साथ गांव का एक अन्य व्यक्ति गजेन्द्र सिंह रांगड़ उम्र लगभग 36 वर्ष, निवासी ग्राम रौणिया भी मौजूद था।
बताया जा रहा है कि क्यारी गांव के ऊपर चारगांव वाली रोड पर मंदिर के पास चढ़ाई चढ़ते समय डंपर के ब्रेक फेल हो गए, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस द्वारा पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है।




