क्राइम

पौड़ी में नाई–युवक विवाद ने लिया हिंसक रूप, कैंची से हमला, चार आरोपी गिरफ्तार

पौड़ी: पौड़ी जनपद के जिला मुख्यालय स्थित जेल गदेरा क्षेत्र में गुरुवार को एक मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। नाई की दुकान पर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दुकान संचालक युवक ने दूसरे स्थानीय युवक पर कैंची से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जेल गदेरा क्षेत्र में स्थित एक नाई की दुकान पर किसी बात को लेकर स्थानीय युवक और दुकान संचालक के बीच बहस शुरू हुई। देखते ही देखते यह कहासुनी विवाद में बदल गई और आरोप है कि गुस्से में आकर नाई ने कैंची से युवक पर हमला कर दिया। इस हमले में युवक के कान के पास गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

घटना की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया। घायल युवक के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग कोतवाली पहुंच गए और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब गुस्साई भीड़ ने आरोपी की दुकान में तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

स्थिति को बिगड़ता देख आसपास के दुकानदारों ने एहतियातन अपनी दुकानें बंद कर दीं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने के लिए तुरंत कार्रवाई की। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और लोगों को समझाकर शांत कराया गया।

इस संबंध में पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने बताया कि पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी अब्दुल राऊफ (61 वर्ष), पुत्र शफीक अहमद, निवासी अपर बाजार, पौड़ी , मुज्जमिल (51 वर्ष), पुत्र शफीक अहमद, निवासी अपर बाजार, पौड़ी, मो. जायद (18 वर्ष), पुत्र मुज्जमिल, निवासी अपर बाजार, पौड़ी, मो. आकिफ (23 वर्ष), पुत्र अब्दुल राऊफ, निवासी अपर बाजार, पौड़ी

पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से निपटने के लिए क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। एक छोटी सी कहासुनी का इस तरह हिंसक रूप लेना समाज के लिए चिंता का विषय है। ऐसे मामलों में संयम और समझदारी ही समाधान का रास्ता दिखा सकती है, जबकि कानून अपने स्तर पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button