धर्म
Trending

अतीक अहमद की तरह शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को जान से मारने की धमकी..

हरिद्वार:

ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज को जान से मारने की धमकी मिलने का गंभीर मामला सामने आया है।यह धमकी कथित तौर पर अतीक अहमद की तरह हत्या करने की चेतावनी के साथ दी गई है,जिससे धार्मिक और सामाजिक हलकों में चिंता बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार, शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पिछले कुछ वर्षों से “गौ माता –राष्ट्रमाता” अभियान चला रहे हैं,जिसका उद्देश्य देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग को लेकर जनजागरण करना है।इसी क्रम में 3 मई से उत्तर प्रदेश की सभी विधानसभाओं में उनकी “गविष्ठी यात्रा” प्रस्तावित है।

बताया जा रहा है कि 1 अप्रैल 2026 को ज्योतिर्मठ के आधिकारिक नंबर पर लगातार आपत्तिजनक और धमकी भरे टेक्स्ट संदेश आए। नंबर को ब्लॉक करने के बाद भी 6 अप्रैल को वॉइस मेल के माध्यम से दो ऑडियो संदेश भेजे गए, जिनमें अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए शंकराचार्य को जान से मारने की धमकी दी गई।इन संदेशों में साफ तौर पर कहा गया है कि उनका “समय नजदीक है” और “अतीक अहमद की तरह अंजाम” दिया जाएगा। साथ ही यह भी दावा किया गया कि उन्हें नुकसान पहुंचाने के लिए “कई लोग तैयार हैं।”

इस पूरे घटनाक्रम को लेकर शंकराचार्य समर्थकों ने इसे सुनियोजित साजिश करार दिया है। उनका कहना है कि गौ रक्षा को लेकर चल रहे अभियान से कुछ असामाजिक तत्व नाराज हैं, जिसके चलते इस प्रकार की धमकियां दी जा रही हैं।मामले की गंभीरता को देखते हुए शंकराचार्य जी की ओर से जल्द ही कानूनी कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है। उनके अधिवक्ता के माध्यम से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी।

इस घटना के बाद शंकराचार्य की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। धार्मिक नेताओं को मिल रही इस तरह की धमकियों ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर भी चिंतन की जरूरत पैदा कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button