चंपावत: उत्तराखंड में चंपावत के गोरलचौड़ मैदान में शनिवार को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। साथी छात्र द्वारा फेंका गया भाला 18 वर्षीय छात्र सोमेंद्र सिंह बोहरा के गले में लग गया,जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, कॉलेज की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में 100 मीटर दौड़ की तैयारी चल रही थी। मैदान में भाला सहित अन्य खेल सामग्री रखी गई थी। इसी दौरान कुछ बच्चे फुटबॉल खेल रहे थे और गेंद मैदान के बीच पहुंच गई। इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग द्वितीय वर्ष का छात्र सोमेंद्र फुटबॉल लौटाने के लिए आगे बढ़ा। तभी कॉलेज के ही एक छात्र ने पास में रखा भाला उठाकर फेंक दिया, जो सीधे सोमेंद्र के गले में जा लगा।
हादसे के बाद मैदान में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षक और छात्र तुरंत घायल सोमेंद्र को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक सोमेंद्र सिंह बोहरा बेहद सरल स्वभाव का और पढ़ाई में होनहार छात्र बताया जा रहा है। वह तीन बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी एक बहन 12वीं, दूसरी 10वीं और छोटी बहन निजी स्कूल में पढ़ती है। पिता गुजरात में काम करते हैं, जबकि परिवार चंपावत में किराये के मकान में रहता है।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार अस्पताल पहुंचा, जहां चीख-पुकार मच गई। मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। मामले की जांच जारी है।




