
गोपेश्वर। चमोली जिले में पिछले माह से लापता चल रहे एक युवक का शव जंगल से बरामद होने के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान ज्योतिर्मठ विकासखंड के देवग्राम निवासी 20 वर्षीय आदित्य सिंह नेगी के रूप में हुई है। युवक 13 मई से लापता था,जिसकी गुमशुदगी को लेकर पुलिस में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह पाडुली निवासी बृजेश ने सूचना दी कि रोली ग्वाड़ की ओर जंगल क्षेत्र में एक मानव शव दिखाई दे रहा है। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक चमोली पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
शव दुर्गम जंगल क्षेत्र में होने के कारण पुलिस को रेस्क्यू अभियान चलाना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद शव को जंगल से बाहर निकाला गया और आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर भेजा गया।कोतवाली चमोली में दर्ज गुमशुदगी प्रकरण के आधार पर परिजनों को मौके पर बुलाया गया। परिजनों ने मृतक के कपड़ों और घटनास्थल से बरामद मोबाइल फोन के आधार पर शव की पहचान आदित्य सिंह नेगी पुत्र निवासी देवग्राम, पोस्ट उर्गम, ज्योतिर्मठ के रूप में की।
पुलिस ने पंचायतनामा सहित अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। युवक की मौत के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।युवक की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।




