
देहरादून:15 जून
देहरादून जिले के पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित भुड्ढी गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है।यहां एक सगे भाई ने अपने ही भाई की गोली मारकर हत्या कर दी।घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
मृतक की पहचान साहिल उर्फ सोहेल के रूप में हुई है,जो पेशे से वकील बताया जा रहा है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार देर रात दोनों भाइयों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ,जिसके बाद आरोपी ने साहिल को गोली मार दी।गंभीर रूप से घायल साहिल को बचाने का प्रयास किया गया,लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया,जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली।
देहरादून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज एक घंटे के भीतर आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पुलिस हत्या के पीछे की वजहों का पता लगाने में जुटी है।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। हत्या जैसे गंभीर अपराध में शामिल आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पूछताछ के बाद हत्या के कारणों का खुलासा किया जाएगा।
गौरतलब है कि राजधानी में हाल ही में हुई चर्चित हत्याओं के बाद यह एक और सनसनीखेज घटना है,जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।




