पहली बारिश से ही प्रेमनगर में टौंस नदी पर बना पुल क्षतिग्रस्त..

देहरादून। सोमवार देर रात से लगातार हो रही भारी बारिश के चलते सौंग नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया,जिससे प्रेमनगर क्षेत्र के नंदा की चौकी स्थित नवनिर्मित पुल तेज बहाव की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया।पुल को नुकसान पहुंचने के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर तत्काल इस पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही रोक दी।इसके साथ ही देहरादून-विकासनगर मार्ग पर चलने वाले वाहनों को झाझरा मार्ग से डायवर्ट किया गया है।पुल बंद होने से इस महत्वपूर्ण मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया है और लोगों को वैकल्पिक रास्तों से होकर गुजरना पड़ रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और संबंधित विभागों की टीम मौके पर पहुंची और पुल का निरीक्षण किया।अधिकारियों ने लोगों से क्षतिग्रस्त पुल पर जाने का प्रयास न करने और प्रशासन द्वारा जारी यातायात व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।लगातार हो रही बारिश और नदी के तेज बहाव को देखते हुए क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
वहीं,पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद स्थानीय लोगों में निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर नाराजगी है।लोगों का कहना है कि करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ यह पुल पहली ही बड़ी बारिश में क्षतिग्रस्त हो गया,जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर जिम्मेदार अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।




