
देहरादून।देहरादून-ऋषिकेश हाईवे (एनएच-07) पर मणिमाई मंदिर के पास बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया।इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।घायलों का देहरादून के निजी अस्पतालों में उपचार चल रहा है।
एसपी देहात जया बलूनी ने बताया कि घटना में कुल चार लोगो की मौत हो चुकी है,जबकि तीन लोग घायल हैं,जिनका कैलाश,अरिहंत और एक अन्य अस्पताल में उपचार चल रहा हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सात लोगों को लेकर देहरादून से रोहतक जा रही एक मारुति ईको कार मणिमाई मंदिर के समीप सड़क किनारे खड़े महिंद्रा मैक्स वाहन से जा टकराई।टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के चालक सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं,गंभीर रूप से घायल दो अन्य लोगों ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया।सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों से जुड़ी विस्तृत जानकारी पुलिस जांच के बाद सामने आएगी।




