क्राइम
Trending

देहरादून में ट्रिपल मर्डर से सनसनी,बुजुर्ग दंपती और मेड की हत्या…

देहरादून(नीतू बिष्ट)

देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णु लोक कॉलोनी में मंगलवार दोपहर घर के अंदर तीन लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई। मकान नंबर 16 में ऑर्डनेंस फैक्ट्री से सेवानिवृत्त 83 वर्षीय रमेश कपूर, उनकी 76 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर और घर में काम करने वाली करीब 55 वर्षीय मेड शीला की जान चली गई।पुलिस ने आरोपी पेंटर को गिरफ्तार कर लिया है।

प्रारंभिक पुलिस जांच के मुताबिक आरोपी लूट के इरादे से घर में दाखिल हुआ था। बताया जा रहा है कि आरोपी ने रजनी कपूर के गले से चेन छीन ली। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपी ने पेचकस से उन पर हमला कर दिया।

रजनी पर हमला होते देख मेड शीला ने शोर मचाया। आरोप है कि आरोपी ने शीला पर भी पेचकस से कई वार कर दिए। इसी दौरान घर से आ रही चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके की तरफ दौड़े।पड़ोसी भारती भंडारी के मुताबिक,दोपहर करीब तीन बजे उन्हें कपूर परिवार के घर से शोर सुनाई दिया।बाहर आकर देखा तो एक युवक मेड शीला पर हमला कर रहा था।उन्होंने शोर मचाया तो आरोपी उनकी तरफ भी बढ़ा।

इसी बीच आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे। लोगों को आता देख आरोपी घर से बाहर निकलकर भागने लगा और पेचकस दिखाकर लोगों को डराने की कोशिश की। हालांकि, बाहर मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

घटना के बाद तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों के अनुसार करीब 10 मिनट इंतजार के बावजूद एंबुलेंस नहीं पहुंची। इसके बाद पड़ोसी अपने वाहनों से तीनों को अस्पताल लेकर पहुंचे।हालांकि,उपचार के दौरान रमेश कपूर,रजनी कपूर और शीला ने दम तोड़ दिया।एक ही घर में तीन लोगों की मौत की खबर से पूरी कॉलोनी में हड़कंप मच गया।

ट्रिपल मर्डर की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।पुलिस ने मौके से पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में वारदात के पीछे लूट की बात सामने आ रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अकेला था या उसके साथ कोई और भी शामिल था।

हत्या में इस्तेमाल पेचकस समेत अन्य साक्ष्यों को भी जांच के दायरे में लिया गया है।पुलिस की जांच और पूछताछ के बाद वारदात की पूरी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button