
नई दिल्ली: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने ब्याज दरों को लेकर बड़ा बदलाव किया है। RBI की मौद्रिक नीति समिति (MPC) ने रेपो रेट में 25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी का फैसला किया है। इसके बाद रेपो रेट 5.25 प्रतिशत से बढ़कर 5.50 प्रतिशत हो गया है। फरवरी 2023 के बाद यह पहली बार है जब केंद्रीय बैंक ने रेपो रेट में इजाफा किया है।
RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने बुधवार को MPC के फैसले की जानकारी दी। केंद्रीय बैंक के मुताबिक वैश्विक स्तर पर जारी भू-राजनीतिक परिस्थितियों, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और महंगाई से जुड़े जोखिमों को ध्यान में रखते हुए ब्याज दरों में बदलाव किया गया है।
रेपो रेट में बढ़ोतरी के साथ RBI की अन्य प्रमुख दरों में भी बदलाव हुआ है। अब SDF रेट 5.25 प्रतिशत, MSF रेट 5.75 प्रतिशत और बैंक रेट 5.75 प्रतिशत हो गया है।
MPC ने रेपो रेट बढ़ाने का फैसला सर्वसम्मति से लिया। रेपो रेट वह दर है जिस पर RBI वाणिज्यिक बैंकों को अल्पावधि के लिए कर्ज देता है। इसमें बदलाव का असर बैंकों की ब्याज दरों और आगे चलकर ग्राहकों के कर्ज की लागत पर भी पड़ सकता है।




