
देहरादून: प्रदेश की राजधानी देहरादून के बाईपास चौकी क्षेत्र में नाबालिग स्कूली छात्रों के साथ यौन शोषण और ब्लैकमेल करने का गंभीर मामला सामने आया है। परिजनों ने एक व्यक्ति पर बच्चों को नशीला पदार्थ देकर उनके साथ गलत काम करने,अश्लील वीडियो बनाने और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने के आरोप लगाए हैं। मामले के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी के चेहरे पर कालिख पोतकर उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
परिजनों के मुताबिक,उनका भाई कुछ समय से डर के कारण स्कूल नहीं जा रहा था।वह घर से स्कूल के लिए निकलता था, लेकिन वहां नहीं पहुंचता था। स्कूल से शिकायत मिलने के बाद जब परिवार ने उससे पूछताछ की, तो वह डर के चलते कुछ बता नहीं पाया।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी बच्चों को खाने-पीने का लालच देकर अपने साथ ले जाता था। कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उनके साथ यौन शोषण करता और वीडियो बना लेता था। इसके बाद वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देकर उन्हें ब्लैकमेल किया जाता था।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने 7 तारीख को बाईपास चौकी में शिकायत दी थी, लेकिन तत्काल कोई कार्रवाई नहीं हुई।इसके बाद उन्होंने स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता आशीष से संपर्क किया, जिसके बाद मामले में कार्रवाई शुरू हुई।




