
कर्णप्रयाग। चमोली जिले के कर्णप्रयाग कोतवाली क्षेत्र के बगोली गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान बेटे द्वारा अपने माता-पिता पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि नशे की हालत में घर पहुंचे 27 वर्षीय युवक ने अपने पिता और मां के साथ मारपीट करते हुए ब्लेड से वार किए। मामले में कार्रवाई करते हुए कर्णप्रयाग पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बताए गए चाकू, ब्लेड और लकड़ी का डंडा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार,बगोली निवासी विक्रम सिंह पुत्र आनंद सिंह ने 11 अक्टूबर 2026 को कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि 10 अक्टूबर की रात करीब आठ बजे उनके बेटे मनोज सिंह ने उनके और उनकी पत्नी शांति देवी के साथ झगड़ा और मारपीट की। आरोप है कि मनोज ने ब्लेड से उनके सीने और चेहरे पर जान से मारने की नीयत से वार किए। बचाव करने पर उनका गला दबाने का प्रयास भी किया गया। इस दौरान पत्नी और पड़ोसियों ने बीच-बचाव कर दोनों की जान बचाई।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उनका बेटा चाकू लेकर भी उन पर हमला करने आया था और पूर्व में भी तीन से चार बार मारपीट कर चुका है। घटना में घायल दंपती का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक विनोद थपलियाल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने उपनिरीक्षक वीरपाल सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए 11 अक्टूबर को आरोपी मनोज सिंह (27) को बगोली के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने एक गुलाबी रंग का चाकू,दाढ़ी बनाने वाला ब्लेड और तीन फीट 11 इंच लंबा लकड़ी का डंडा बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 32/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2) और 109(1) में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक वीरपाल सिंह कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।




